मेडिकल स्टोर खोलना है? जानिए कौन-सा कोर्स जरूरी, लाइसेंस के नियम और पूरी प्रक्रिया...

मेडिकल स्टोर खोलना चाहते हैं? जानिए जरूरी कोर्स, लाइसेंस नियम और पूरी प्रक्रिया

Delhi, India – आज के समय में मेडिकल स्टोर एक ऐसा व्यवसाय है जिसकी मांग कभी खत्म नहीं होती। दिन हो या रात, दवाइयों की जरूरत हमेशा बनी रहती है। इसी कारण कई लोग इस क्षेत्र में करियर बनाना या अपना व्यवसाय शुरू करना चाहते हैं। हालांकि, यह काम जितना आसान दिखता है उससे कहीं अधिक जिम्मेदारी भरा होता है क्योंकि इसमें सीधे तौर पर लोगों की सेहत जुड़ी होती है। इसलिए सरकार ने मेडिकल स्टोर खोलने और चलाने के लिए नियम बेहद सख्त बनाए हैं। यदि आप भी मेडिकल स्टोर खोलने की सोच रहे हैं, तो जरूरी है कि आप पूरी जानकारी लेकर आगे बढ़ें।

मेडिकल स्टोर खोलने के लिए सबसे जरूरी शर्त होती है फार्मेसी से संबंधित शिक्षा। बिना फार्मेसी डिग्री या डिप्लोमा के ड्रग लाइसेंस प्राप्त करना मुमकिन नहीं है। भारत में मेडिकल स्टोर खोलने के लिए मुख्य रूप से डी.फार्मा और बी.फार्मा कोर्स माने जाते हैं।

सबसे सामान्य और आसान कोर्स है डी.फार्मा जो लगभग 2 साल का डिप्लोमा कोर्स होता है। इस कक्षा में 12वीं में साइंस (बायोलॉजी या मैथ्स) आवश्यक है। इसमें दवाओं की जानकारी, उनके उपयोग और स्टोर मैनेजमेंट जैसे विषयों की पढ़ाई होती है। यदि आप जल्दी से जल्दी अपना मेडिकल स्टोर शुरू करना चाहते हैं तो यह सबसे उपयुक्त विकल्प है।

वहीं बी.फार्मा एक 4 साल की डिग्री है जिसमें दवाओं के निर्माण, उनका शारीरिक प्रभाव और नई दवाओं पर रिसर्च करना सिखाया जाता है। यदि आप फार्मेसी क्षेत्र में बड़ी भूमिका निभाना चाहते हैं, जैसे रिसर्च या मैन्युफैक्चरिंग, तो बी.फार्मा कोर्स आपके लिए सही विकल्प साबित होगा।

क्या एक लाइसेंस से दो मेडिकल स्टोर चल सकते हैं?
बहुत से लोग यह सवाल करते हैं कि क्या एक ही ड्रग लाइसेंस पर दो अलग-अलग मेडिकल स्टोर खोले जा सकते हैं। इसका जवाब स्पष्ट है – नहीं। भारत में नियम के अनुसार एक ड्रग लाइसेंस केवल एक ही दुकान के लिए मान्य होता है। यदि आप दूसरी जगह नया स्टोर खोलना चाहते हैं तो उस स्थान के लिए अलग से नया लाइसेंस लेना होगा। हर लाइसेंस एक विशेष एड्रेस और एक रजिस्टर्ड फार्मासिस्ट के नाम पर जारी होता है ताकि दुकान पर हमेशा एक योग्य फार्मासिस्ट मौजूद रहे और दवाओं की सही बिक्री हो सके।

अगर आपके पास फार्मेसी की डिग्री नहीं है तो क्या करें?

अगर आपने फार्मेसी की पढ़ाई नहीं की है तो भी आप मेडिकल स्टोर खोल सकते हैं, लेकिन इसके लिए आवश्यक होगा कि आप एक योग्य फार्मासिस्ट को आपके स्टोर में काम पर रखें जिनके पास डी.फार्मा या बी.फार्मा डिग्री हो। ड्रग लाइसेंस उस फार्मासिस्ट के नाम और दस्तावेज़ों पर जारी किया जाएगा, जबकि दुकान का मालिक आप ही होंगे। ध्यान रखें कि दुकान खुली रहने के दौरान वह फार्मासिस्ट वहां मौजूद होना अनिवार्य है क्योंकि बिना फार्मासिस्ट के दवाइयां बेचना कानूनन अपराध है।

मेडिकल स्टोर व्यवसाय क्यों फायदेमंद है?
मेडिकल स्टोर एक स्थिर और भरोसेमंद व्यवसाय माना जाता है। इसका लाभ यह है कि दवाइयों की मांग कभी खत्म नहीं होती और सही प्रबंधन से अच्छा मुनाफा कमाया जा सकता है। हालांकि, इस व्यवसाय में बेहद सावधानी और जिम्मेदारी की आवश्यकता होती है क्योंकि किसी भी छोटी गलती से मरीजों की सेहत पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है। इसलिए सरकारी नियमों का पालन करना बेहद आवश्यक है।

यह भी पढ़ें –  देश सेवा का सुनहरा मौका, CRPF में होगी 9 हजार पदों पर भर्ती; इस उम्र वाले करें अप्लाई

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *